पेपर लीक मामला: सीबीएसई का एक अधिकारी सस्पेंड, पुलिस रिमांड में भेजे गए 3 आरोपी

सीबीएसई पेपर लीक मामले में गूगल ने दिल्ली पुलिस को शनिवार को जवाब देते हुए उस ईमेल आईडी की पहचान बताई, जिससे सीबीएसई अध्यक्ष को 10वीं का लीक पेपर भेजा गया था. जांच से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच अधिकारी ने बताया कि कक्षा 10 वीं के एक छात्र को गणित का पेपर वाट्सऐप पर मिला था और उसने सीबीएसई अध्यक्ष को मेल भेजने के लिए अपने पिता के ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया. उन्होंने बताया कि छात्र और उसके पिता से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि बोर्ड अधिकारियों से बातचीत करने के लिए क्राइम ब्रांच टीम शाम में पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित सीबीएसई कार्यालय पहुंची. पुलिस ने बताया कि सीबीएसई अध्यक्ष अनीता करवाल भी मौजूद थीं. पुलिस बोर्ड अधिकारियों से परीक्षा प्रक्रिया के बारे में जानकारी चाहती थी. उन्होंने कहा कि इससे पहले सीबीएसई के तीन अधिकारियों से बातचीत हुई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *