सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) से दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए बड़ी ख़बर है.
बोर्ड ने दसवीं के गणित की परीक्षा और 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा रद्द कर दी है.
सीबीएसई ने बुधवार को नोटिस जारी कर दोनों विषयों की फिर से परीक्षा लेने की घोषणा की है.
बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा के दौरान कुछ गड़बड़ियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों विषयों की परीक्षा दोबारा लेने का फ़ैसला किया गया है.
सीबीएसई ने कहा है, “परीक्षाओं के दौरान कुछ गड़बड़ी की सूचना पर बोर्ड ने संज्ञान लिया है. बोर्ड की प्रतिबद्धता कायम रखने और छात्रों के हित में परीक्षा दोबारा लेने का फ़ैसला किया गया है.”
दोनों विषयों की परीक्षा कब होगी और दूसरी ज़रूरी सूचनाएं एक हफ़्ते के भीतर सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दी जाएंगी.
12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा 26 मार्च और दसवीं के गणित की परीक्षा 28 मार्च को ली गई थी. परीक्षा से पहले दोनों विषयों के प्रश्न पत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर लीक के दावे किए गए थे, जिसे सीबीएसई ने ख़ारिज कर दिया था.
दिल्ली पुलिस ने 12वीं के अर्थशास्त्र के पेपर के कथित लीक मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि मामले में आंतरिक जांच चल रही है. उन्होंने आगे कहा कि सोमवार से एक नई व्यवस्था लाई जाएगी ताकि पेपर लीक का मामला दोबारा न हो.
