इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़े सट्टेबाजी के एक मामले में सलमान खान के भाई और बॉलीवुड एक्टर अरबाज़ खान का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी और सट्टेबाज सोनू जालान ने पुलिस पूछताछ में अरबाज़ खान का नाम लिया है, जिसके बाद मुंबई (ठाणे) की क्राइम ब्रांच ने अरबाज़ को समन भेजा है. ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने अरबाज खान को शनिवार तक पेश होने और अपना बयान दर्ज करवाने का वक्त दिया है.
दरअसल, कुछ दिन पहले ही ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने आईपीएल मैच के दौरान सट्टेबाजी (बेटिंग) के मामले में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया था. उनसे पूछताछ में सट्टा बाजार के नामी बुकी सोनू जालान का नाम सामने आया था, जिसके बाद सोनू जालान को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में उसने बताया कि बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी बेटिंग में अलग-अलग नामों से पैसा लगाते हैं. जिसके बाद अरबाज़ खान का नाम भी सामने आया. अब इसी मामले में ठाणे क्राइम ब्रांच ने अरबाज खान को पूछताछ के लिए समन भेजा है.
पुलिस के मुताबिक, 42 साल का सट्टेबाज सोनू जालान दाऊद इब्राहिम गैंग का बहुत करीबी है. वह पाकिस्तान और सउदी अरब में रहकर क्रिकेट में सट्टेबाजी करता है. पुलिस ने उसे कल्याण कोर्ट से तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह इसी केस में एक आरोपी से मिलने आया था. सूत्रों के मुताबिक, डी कंपनी के लिए काम करने वाले सोनू मलाड में दो क्रिकेट मैच फिक्स किए थे.
