दिल्ली सरकार ने रेयान स्कूल की 9 बसों को किया सीज, प्रद्युम्न की हत्या के बाद एक्शन में आई सरकार

रेयान इंटरनेशनल स्कूल में छात्र प्रद्युम्न की हत्या ने पूरे देश के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर दिल्ली सरकार इस घटना के बाद एक्शन में आ गई है. राजधानी में रेयान स्कूल की 9 बसों को सीज कर दिया है. हालांकि, इस दौरान अलग-अलग स्कूलों की कुल 123 बसों के खिलाफ एक्शन लिया गया है.
दरअसल, गुरुग्राम की घटना के बाद दिल्ली में सरकार ने इंफोर्समेंट विभाग की 20 टीमों को स्कूल बसों की चेकिंग में लगाया. जिसके बाद नॉर्थ और ईस्ट दिल्ली में चेकिंग ड्राइव चलाई गई. इस दौरान रोहिणी और वसंत कुंज स्थित रेयान स्कूल के बसों की भी चेकिंग की गई.

जहां पाया गया कि इन बसों के ड्राइवर और कंडक्टरों के पास लाइसेंस ही मौजूद नहीं था. इतना ही नहीं ज्यादातर कंडक्टरों के पास कोई बैच तक नहीं था. ये वो बैच होते हैं जो पुलिस वेरिफिकेशन के बाद दिए जाते हैं. मगर, सरकार की जांच टीम ने पाया कि रेयान स्कूल की बस पर चलने वाले कंडक्टरों के पास बैच नहीं थे.

जांच टीम को रेयान स्कूल की ऐसी 9 बसें मिलीं, जिनके ड्राइवर और कंडक्टर नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. जिसके बाद इन बसों को जब्त कर लिया गया.

हालांकि, इस दौरान सिर्फ रेयान स्कूल की बसों पर ही कार्रवाई नहीं की गई. बल्कि, जांच के दौरान बाकी दूसरे स्कूलों की बस में भी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई. द्वारका, पीतमपुरा और रोहिणी के कुछ और स्कूलों की बसों पर भी कार्रवाई की गई और इस दौरान रेयान समेत 8 स्कूलों की कुल 123 बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *