2002 के रेप मामले में दोषी राम रहीम सिंह ने रोहतक जेल में पहली रात आंखों में ही काटी। जेल के अधिकारियों के अनुसार, गुरमीत को रोहतक स्थित सुनारिया जेल के ‘अप्रूवल सेल’ में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार इस कैद खाने में 12 कैदियों को रखने की जगह है लेकिन डेरा प्रमुख को इसमें अकेले ही बंदी बनाकर रखा गया है।
जेल अधिकारियों ने बताया कि पंचकुला से शुक्रवार को रोहतक जेल पहुंचे गुरमीत ने बेचैनी की शिकायत की लेकिन मेडिकल जांच में ऐसा कुछ नहीं निकला और डॉक्टरों ने उसे फिट करार दिया। जेल अधिकारी ने आगे बताया, ‘शुक्रवार रात मध्यरात्रि तक गुरमीत जेल में इधर उधर टहलता रहा।‘ रात के खाने में उसे एक कटोरी दाल, दो चपाती और अचार दिया गया था।‘ इस बीच हरियाणा डीजीपी(जेल) केपी सिंह ने शनिवार को कहा कि डेरा प्रमुख को किसी तरह की विशेष सुविधा नहीं दी गयी है। डेरा प्रमुख के बैरक के पास गुरमीत की गतिविधियों की निगरानी के लिए चार अधिकारी ड्यूटी पर हैं।
हालांकि अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि हाई प्रोफाइल कैदी को जेल के भीतर सुरक्षित रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए सभी पर्याप्त उपाय किए गए हैं। उन्होंने बताया, ‘हमने डेरा प्रमुख को सुरक्षित रखने के लिए जेल के अंदर सभी व्यवस्थाएं की हैं। अन्य कैदियों का गुरमीत के साथ कोई संपर्क नहीं है।‘
पंचकुला सीबीआई कोर्ट द्वारा शुक्रवार को रेप मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के समर्थकों द्वारा हरियाणा, पंजाब समेत दिल्ली यूपी और राजस्थान में हिंसक प्रदर्शनों के कारण तनाव फैला हुआ है। अब तक कुल 36 लोगों की मौत और 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
