यौन शोषण के मामले में दोषी करार दिए गए डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट आज यानी 28 अगस्त 2017 को रोहतक जेल में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सजा सुनाएगी. प्रशासन को आशंका है कि सजा के ऐलान के बाद हरियाणा और पंजाब सहित देश के अन्य हिस्सों में एक बार फिर से हिंसा भड़क सकती है. इसी आशंका के चलते हरियाणा सरकार ने कई तैयारियां की हैं.
हरियाणा के होम सेक्रेटरी रामनिवास ने कहा कि कोई भी जेल के आसपास नहीं जा सकता क्योंकि जेल के दायरे में 10 किलोमीटर का इलाका सील कर दिया गया है. इस बीच जैसे ही हरियाणा के अधिकारियों को खबर मिली कि हजारों की तादाद में डेरा समर्थक रोहतक की सुनहरी जेल की तरफ बढ़ चले हैं. प्रशासन ने अपने दो प्रमुख अफसरों को रोहतक जेल भेज दिया.
उच्चाधिकारियों की टीम का नेतृत्व लॉ एंड ऑर्डर आईजी मोहम्मद अकील और सीआईडी के आईडी अनिल राव कर रहे हैं. यह टीम रोहतक में रहकर सारा दिन डेरा समर्थकों की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखेगी.
हरियाणा के पंचकूला, रोहतक, कैथल और अंबाला जिलों के सभी सरकारी-गैर सरकारी स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान 28 अगस्त को बंद रहेंगे. इन आदेशों में कहा गया है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई अदालत द्वारा 28 अगस्त को जिला जेल रोहतक में सजा सुनाई जाएगी. इसी के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाएं रखने के उद्देश्य से उपरोक्त आदेश जारी किए गए है.
हरियाणा के गृह विभाग ने 29 अगस्त सुबह साढ़े 11 बजे तक मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और सभी डोंगल सेवाओं को स्थगित करने का आदेश दिया है. हालांकि मोबाइल नेटवर्क में वॉयस कॉल पर कोई असर नहीं पड़ेगा. अंबाला में सेक्शन 144 अगले आदेश आने तक लागू रहेगा. वहीं कैंथल में मोबाइल इंटरनेट सेवा और बल्क मैसेज की सुविधा रोकी गई है. सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के परिसर में 29 अगस्त तक इंटरनेट सेवा रोक दी गई है.
