अमरीका में यू-ट्यूब के हेडक्वॉर्टर में मंगलवार को फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बंदूकधारी महिला ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए. बाद में इस महिला ने ख़ुद को भी गोली मारकर अपनी हत्या कर ली.
पुलिस फिलहाल संदिग्ध की पहचान नहीं कर पाई है. पुलिस को ये भी पता नहीं चला है कि उस महिला ने क्यों फायरिंग की. एमएसएनबीसी के मुताबिक, संदिग्ध महिला की उम्र 30 साल थी. वह हेडक्वार्टर के डायनिंग हॉल में पहुंची और उसने फायरिंग शुरू कर दी.
गोलीबारी में घायल 36 साल के एक युवक की हालत गंभीर है. सीबीसीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक घायल युवक को संदिग्ध हमलावर महिला का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है. शूटिंग में 32 और 27 साल की दो महिलाओं को भी गोली लगी है.
यू ट्यूब के प्रोडक्ट मैनेजर टॉड शर्मन ने एक के बाद एक लगातार कई ट्वीट करके इस बारे में बताया है. उन्होंने लिखा है, “हम एक मीटिंग में थे तभी हमने लोगों के भागते देखा. पहले लगा कि भूकंप आया है. कमरा खाली करने के बाद भी हमें समझ नहीं आया कि हो क्या रहा है. लोग भागते जा रहे थे.”
