ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी 3 दिन की यात्रा पर भारत आए हैं। 2013 में पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली भारत यात्रा है। इस दौरान भारत और ईरान ‘आपसी हित’ के क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह और तेलंगाना व आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन ने हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर रूहानी का स्वागत किया।
हैदराबाद की ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने के बाद रूहानी ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों, विद्वानों और धर्मगुरूओं से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने मुस्लिमों को सांप्रदायिक मतभेदों से ऊपर उठकर “इस्लाम के शत्रुओं” के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत धर्म और विचार और अवसरों के विविध स्कूलों का जीता-जागता म्यूजियम है।
रूहानी ने कहा कि ईरान मुसलमान देश के साथ अच्छे संबंध चाहता है और भारत के साथ भी उसे अपने रिश्ते मजबूत करने हैं।
