पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी के नए मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को यहां शपथ ली। नए मंत्रिमंडल में कुछ पुराने सदस्यों की वापसी हुई है। हालांकि, उनके कार्यभार में काफी बदलाव आए हैं। इस दौरान 20 साल में पहली बार पाकिस्तान में कोई हिन्दू मंत्री बना है। मंत्रिमंडल में 46 सदस्य हैं। इनमें से 44 सदस्यों ने अपने पद की शपथ ली। शपथ राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने दिलाई। इस नए मंत्रिमंडल में 28 संघीय और 18 राज्य मंत्री हैं।
एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि दर्शन लाल को चार पाकिस्तानी प्रांतो के बीच समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 65 साल के दर्शन लाल सिंध के घोटकी जिले के मीरपुर मैथेलो शहर में डॉक्टर हैं। 2013 में वह दूसरी बार पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के टिकट पर अल्पसंख्यकों की आरक्षित सीट से नेशनल एसेंबली के लिए चुने गए थे।
पाकिस्तान: 20 साल में पहली बार कोई हिन्दू बना मंत्री
