पुलिस शिकंजे में हनीप्रीत की हालत बिगड़ गई है. पंचकूला के चंडी मंदिर थाने में बंद हनीप्रीत के सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया है. आज उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी. हलावात में हनीप्रीत की पहली रात भारी बेचैनी में गुजरी. कल आधी रात में पंचकूला के सिविल अस्पताल में उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया गया.
38 दिन से सारी दुनिया की नज़रों से ओझल रही हनीप्रीत अब मीडिया और उसके सवालों से बच नहीं सकी. कभी कैमरे पर तरह की अदाओं से इतराने वाली और 21 तरह के किरदार बदलने वाली हनीप्रीत मीडिया से बचने के लिए चेहरा ढंके तेज़ कदमों से भागती जा रही थी. उससे कई सवाल हुए, लेकिन वो एक ही रट लगाए है कि वो बेकसूर है.
पुलिस की कड़ी घेराबंदी में मेडिकल कराने आधी रात में सिविल अस्पताल पहुंची हनीप्रीत को अपने बचाव के लिए भी पुलिसवालों का ही सहारा लेना पड़ा. हनीप्रीत के साथ पकड़ी गई उसकी साथी और डेरा समर्थक बठिंडा की रहने वाली सुखदीप का भी मेडिकल टेस्ट कराया गया है. हनीप्रीत के अंदर अब मीडिया का सामना करने का ताब नहीं बचा है.
हनीप्रीत पुलिस थाने की हवालात के सख्त फर्श पर रातभर चैन से सो भी नहीं सकी. सारी रात उसे याद आता रहा सुनारिया जेल में बंद राम रहीम और सताता रहा अपने अंजाम का खौफ. हनीप्रीत के हालात बदले तो तस्वीर बदल गई. 25 अगस्त से पहले राजरानी जैसे ऐशो-आराम की जिंदगी गुज़ारने वाली हनीप्रीत कानून से छिपती दर-दर भटकती रही.
हनीप्रीत को उसकी एक महिला साथी के साथ मंगलवार की दोपहर 3 बजे पुलिस ने पकड़ा. इसके बाद पुलिस हनीप्रीत और उस महिला को करीब 4 बजे पंचकूला के सेक्टर-23 में बने चंडी मंदिर थाने लाई. करीब एक घंटा कागज़ी कार्यवाही के बाद हनीप्रीत से पूछताछ शुरू हुई. पहले राउंड की ये पूछताछ करीब 2 घंटे चली. इसके बाद उसका हवालात से सामना हुआ.
