दिल्ली-एनसीआर में तूफान ने दी दस्तक, कई इलाकों में बत्ती गुल, दिल्ली सरकार ने आज दोपहर के स्कूलों की छुट्टी की; Express live news ने दी थी एक दिन पूर्व चेतावनी

Expresslivenews.com (Edited By:Sardar Husain )
दिल्ली-एनसीआर में आंधी तूफान ने दस्तक दे दी है। एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार देर रात हल्की बूंदाबांदी के साथ धूल भरी तेज आंधी चली। तूफान के कारण कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई। यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और हरियाणा में फरीदाबाद, गुरुग्राम, बल्लभगढ़, नूंह समेत कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। बीच-बीच में इंटरनेट सेवा पर भी इसका असर देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। हालांकि, दिल्ली से तूफान अब गुजर गया है और कई इलाकों में अब हवा की गति धीमी हो गई है। साथ ही तूफान का प्रभाव राजस्थान के भी कई इलाकों में देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि हवाई यात्रा पर भी इसका असर पड़ा है। दिल्ली से नौ विमानों की उड़ान में 22 मिनट की देरी हुई।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तरी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने इस दौरान हवा की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान जाहिर किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने मंगलवार दोपहर स्कूलों में छुट्टी देने का फैसला लिया है। हरियाणा सरकार ने राज्य भर में नगरपालिका क्षेत्रों में सभी अधिकारियों की छुट्टी रद कर दी है। अग्निशमन एवं अन्य आपात सेवाओं को सावधान रहने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *