बाइक पर लिखवाया ‘असली मर्द हेलमेट नहीं पहनते’, देखें पुलिस ने कैसे सिखाया सबक

हैदराबाद के एक शख्स ने अपनी हेकड़ी दिखाने के लिए बाइक ड्राइविंग के दौरान हेलमेट नहीं पहनने की ठान ली। शख्स के पास हेलमेट था बावजूद इसने खुले आम अपनी बाइक के नंबर प्लेट के नीच लिखवा दिया, ‘नो हेलमेट- मुझे असली मर्द की तरह मरना पसंद है।” ऐसा लिखवा इस शख्स ने अपने हेलमेट को पीछे बांध दिया और हैदराबाद की सड़कों पर चक्कर लगाने लगा। हालांकि हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस शख्स को तुरंत धर दबोचा। पुलिस ने इस शख्स की पहचान सादू हरिकृष्ण रेड्डी के रूप में की है। हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस शख्स को सबक सिखाने के लिए इसकी ही भाषा में जवाब दिया। पुलिस ने इस शख्स के खिलाफ लंबा चौड़ा चालान काटा। बाइक की तस्वीर ली और इसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। इस पोस्ट में लिखा है, “हमें बहुत दुख है मिस्टर कृष्णा रेड्डी, हम आपको मरने नहीं देंगे, हम ये सुनिश्चित करेंगे कि आप एक असली मर्द की तरह जिंदा रहें, कृपया हेलमेट पहनें और बाइक चलाएं।”

हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने अपनी जांच में पाया है कि ये शख्स लगातार ट्रैफिक कानूनों का उल्लंघन करता रहा है। पुलिस ने बिना हेलमेट पहनकर बाइक चलाने के जुर्म में इसका सात बार चालान काटा है। तीन बार यह शख्स बाइक चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने के जुर्म में पकड़ा गया है। तेलंगाना स्टेट पुलिस ई चालान सिस्टम के डाटा के मुताबिक यह शख्स गलत पार्किंग के आरोप में भी दंडित किया गया है। पुलिस के मुताबिक इस शख्स के खिलाफ 2 हजार 615 रुपये का बकाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *