टीम इंडिया ने सीरीज के पहले टी-20 मुकाबले में न्यू जीलैंड को 53 रनों से हराते हुए आशीष नेहरा को विजयी विदाई दी। नेहरा के घरेलू मैदान फिरोज शाह कोटला पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज करते हुए 3 विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में मेहमान टीम 8 विकेट पर 149 रन ही बना सकी। 80 रन की धमाकेदार पारी खेलने वाले दिल्ली के ओपनर शिखर धवन को मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस जीत के साथ ही भारत को 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त मिल गई है और यह कीवी टीम के खिलाफ टीम इंडिया की पहली टी-20 जीत भी है। इससे पहले दोनों के बीच 5 मैच हुए थे, जिनमें कीवी टीम ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, पारी का पहला और आखिरी ओवर फेंकने वाले नेहरा को एक भी विकेट नहीं मिल सका। यह उनके लिए थोड़ा सा निराशाजनक रहा होगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में 4 नवंबर को खेला जाएगा।
बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी मेहमान टीम की शुरुआत काफी खराब रही। सिर्फ 6 रन के टीम स्कोर पर ओपनर मार्टिन गप्टिल आउट हो गए। उन्हें चहल ने हार्दिक पंड्या के हाथों कैच कराया। इसके कुछ ही देर बाद दूसरे ओपनर कोलिन मुनरो भुवनेश्वर की एक जोरदार बॉल पर बोल्ड हो गए। इसके बाद कैप्टन केन विलियमसन (28) और टॉम लेथम (39) ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए, लेकिन अपनी पारी को अधिक दूर नहीं ले जा सके। विलियमसन को पंड्या ने धोनी के हाथों कैच कराया, जबकि लेथम चहल की बॉल पर धोनी के ही हाथों स्टंप हो गए।
