नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज चेन्नई में फिल्म स्टार कमल हासन से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं.
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को तमिलनाडु के एक दिन के दौरे पर चेन्नई जाएंगे. इस दौरान वे मशहूर फिल्म अभिनेता कमल हासन से मुलाकत करेंगे. हासन जल्द ही अपनी राजनीतिक पारी के आगाज का ऐलान करने वाले हैं. सीएम आफिस के एक अधिकारी ने केजरीवाल की यात्रा की पुष्टि करते हुए बताया कि यह उनकी आधिकारिक यात्रा है. एक दिन की यात्रा के दौरान केजरीवाल चेन्नई स्थित तमिलनाडु सरकार के विश्वस्तरीय कौशल विकास केन्द्र का दौरा करेंगे. हालांकि अधिकारी ने केजरीवाल की हासन से मुलाकात की भी पुष्टि की है. सियासी हलकों में केजरीवाल की इस यात्रा को तमिलनाडु की राजनीति में आप के कदम जमाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. समझा जाता है कि केजरीवाल और हासन राज्य की राजनीति में भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे.
