मेरठ: स्वच्छ भारत अभियान का असर पश्चिमी यूपी में धीरे-धीरे दिखने लगा है। बिजनौर के कई गांवों में मुस्लिमों ने सरकारी मदद लेने से इनकार कर खुद की पहल से पूरे गांव में शौचालय बनवाकर जहां मिसाल पैदा की वहीं अब मेरठ के फलावदा इलाके के गांव की एक दलित बेटी ने अपने मंगेतर से दो टूक कह दिया कि पहले शौचालय बनवाओ तब शादी करूंगी। लड़की के मंगेतर ने अपने घर में शौचालय का निर्माण करना शुरू कर दिया।
जल्द ही दूल्हा बनने जा रहा यह युवक शादी की शॉपिंग में जुटा है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। लड़का ग्रैजुएट जबकि लड़की 12वीं पास है। दोनों की शादी माता-पिता की रजामंदी से हाल ही में तय हुई है। शादी तय होने के बाद दोनों की मुलाकात हुई। लड़के ने अपने घर के सदस्यों के बारे में बताया। फिर लड़की ने लड़के से पूछा कि घर में शौचालय है या नहीं। इस पर लड़के ने बताया कि घर में शौचालय नहीं है। सभी लोग जंगल में जाकर शौच करते हैं। सालों से ऐसा ही चल रहा है।
