मोदी सरकार के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव पर जोर देगी TDP और YSR कांग्रेस

नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ वाईएसआर कांग्रेस और तेलगु देशम पार्टी आज लोकसभा में अपना अविश्वास प्रस्ताव लाने पर एक बार फिर जोर देगी. वाईएसआर कांग्रेस के वाईवी सुब्बा रेड्डी ने लोकसभा सचिवालय को सोमवार की वर्क लिस्ट उनका नोटिस रखने के लिए पत्र लिखा है. वहीं टीडीपी ने भी मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए अलग से नोटिस दिया है. हालांकि इस बीच संसद की कार्यवाही में गतिरोध दूर होने का कोई संकेत नजर नहीं आ रहा.

इससे पहले इन दोनों पार्टियों ने पिछले हफ्ते ही नोटिस दिया था. वहीं लोकसभा की कार्यसूची में इसे नहीं लिए जाने पर संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने दलील दी थी कि सदन में आसन के पास जाकर कई दलों के सदस्यों की नारेबाजी के कारण सदन में व्यवस्था नहीं बन पाने के कारण ऐसा नहीं हो पाया.

बजट सत्र के अंतिम चरण का पहला दो हफ्ता बीत चुका है, हालांकि सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक लाने और बिना चर्चा के ध्वनिमत के जरिए बजट पारित कराने में कामयाब रही. इस बार विधायी कार्यों पर सरकार के साथ अक्सर सहयोग करने वाली तेलंगाना राष्ट्र समिति और एआईएडीएमके कई मुद्दों पर विरोध कर रही है, इसलिए इस पर अनिश्चितता ही है कि आज संसद में कोई व्यवस्था बन पाएगी.

केंद्र की ओर से आंध्रप्रदेश को विशष दर्जा दिए जाने से इनकार के बाद सबसे पहले वाईएसआर कांग्रेस ने पिछले हफ्ते अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया था. वहीं बीजेपी की लंबे समय से सहयोगी रही टीडीपी ने इसके बाद सरकार से अपना नाता तोड़ने का फैसला किया और खुद ही अविश्वास प्रस्ताव लाई. दोनों पार्टियां अपने- अपने नोटिसों पर समर्थन जुटाने के लिए विपक्षी दलों को लामबंद कर रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *