सऊदी अरब में जल्द महिलाएं कार चलाती हुई दिखेंगी. सऊदी अरब के शासक सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सौद ने देश में महिलाओं को ड्राइविंग करने की इजाजत दे दी है. आधुनिकता की ओर बढ़ते सऊदी अरब के इस कदम से न सिर्फ सऊदी अरब में बल्कि दुनियाभर में इस फैसले की सराहना हो रही है. आपको बता दें कि सऊदी अरब दुनिया का एकलौता देश है जहां महिलाएं ड्राइव नहीं कर सकती हैं.
शासक सलमान बिन के शाही आदेश में आदेश को सही तरीके से लागू करने के लिए उच्चस्तरीय मंत्री स्तर की कमिटी का गठन करने कहा गया है. यह कमेटी 30 दिन के अंदर सुझाव पेश करेगी और जून 2018 तक इस आदेश को लागू किया जाएगा. इस आदेश में यह भी कहा गया है कि यह शरिया मानकों के मुताबिक होगा.
आपको बता दें कि सऊदी अरब में महिलाओं को कार चलाने से रोकने वाला कोई कानून नहीं है, लेकिन धार्मिक मान्यताएं इनका समर्थन नहीं करतीं. सऊदी अरब के धार्मिक प्रतिनिधियों के मुताबिक ड्राइविंग करने वाली महिलाएं “सामाजिक मूल्यों का उल्लंघन” करती हैं. 2011 में कुछ महिलाओं ने मिलकर “विमेन2ड्राइव” नाम की एक मुहिम छेड़ी थी, जिसके तहत उन्होंने सोशल मीडिया पर महिलाओं की ड्राइव करते हुए तस्वीरें डाली थीं.
