आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक हाफिज सईद राजनीतिक नेता बनने की फिराक में है। सईद ने जमात-उद-दावा का नाम बदलकर उसे मिली मुस्लिम लीग पाकिस्तान राजनीतिक पार्टी के तौर पर रजिस्टर करवाने की योजना बनाई है।
पाक में पिछले छह महीने से नजरबंद सईद ने अपनी पार्टी को रानतीतिक पार्टी की मान्यता देने के लिए पाकिस्तान चुनाव आयोग में एक अर्जी दाखिल की है। मुंबई 26/11 हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने पाकिस्तान की राजनीति में पूरी तरह से उतरने का मन बना लिया है।
पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल जारी है जिसकी वजह से सईद कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता है। बता दें कि हाल ही में पनामा केस में फंसने के चलते पाक के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को पाक हुकुमत गंवानी पड़ी।
पाक में कमजोर होती राजनीतिक लहर को देखते हुए सईद ने मौके का फायदा उठाना चाहा है। सईद ने कोई देर न करते हुए अपनी नई पार्टी को हवा देने की कोशिश की है। बता दें कि सईद की पाक सेना और आईएसआई में अच्छी पैठ है। चुनाव आयोग से हरी झंडी मिलते ही सईद अपने मंसूबों को धरातल पर लाने की कोशिश करेगा।
