8 साल बाद अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट की बहाली का जश्न पाकिस्तान ने जीत के साथ मनाया है. पाकिस्तान ने पहले टी-20 मैच में मंगलवार को वर्ल्ड इलेवन टीम के खिलाफ 20 रनों से शानदार जीत दर्ज की है. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ उसने तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
वर्ल्ड इलेवन के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, लेकिन उसके गेंदबाज पाकिस्तान को बड़ा स्कोर खड़ा करने से नहीं रोक पाए. पाकिस्तान ने पूरे 20 ओवर खेलने के बाद बाबर आजम के बेहतरीन 86 रनों के दम पर पांच विकेट के नुकसान पर 197 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वर्ल्ड इलेवन 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 177 रन ही बना सकी.
