जेल में ही सुनाई जाएगी डेराप्रमुख को सजा, कड़ी सुरक्षा के बीच सुनारियां जेल पहुंचेंगे सीबीआई जज जगदीप सिंह

चंडीगढ़:साध्वी के साथ रेप के दोषी गुरमीत राम रहीम को सजा रोहतक की सुनारियां जेल में ही सुनाई जाएगी। सुरक्षा कारणों के चलते राज्य सरकार ने सुनारियां जेल कैम्पस के ही एक कमरे को सीबीआई कोर्ट नोटिफाई करने का फैसला लिया है। पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत के जज जगदीप सिंह सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रोहतक पहुंचेंगे।
सरकारी हेलीकॉप्टर से उन्हें सुनारियां जेल ले जाया जाएगा। सुनारियां जेल के पास ही बने हेलीपैड पर वे उतरेंगे और यहां से भी आर्मी व पैरा-मिलिट्री फोर्स के कड़े सुरक्षा पहरे के बीच जेल तक पहुंचेंगे। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रेप का दोषी ठहराए जाते ही जिस तरह से पंचकूला सहित प्रदेशभर में उनके समर्थकों ने आगजनी व हिंसा की, उसे देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
32 लोगों की मौत के बाद अब राज्य सरकार इस मामले में किसी तरह का भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है। इसी वजह से सीबीआई जेल को एक दिन के लिए रोहतक शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इस तरह की भी सूचनाएं थी कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सजा सुनाई जा सकती है लेकिन कानूनी तौर पर यह संभव नहीं है। कानून के अनुसार चार्जशीट पर भी और सजा के फैसले पर भी दोषी के हस्ताक्षर होते हैं।
सीबीआई के वकील के अलावा डेरामुखी के वकील भी सजा पर बहस के लिए रोहतक ही जाएंगे। 28 अगस्त को रोहतक में आर्मी मौजूद रहेगी और शहर पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा। सुनारियां जेल को पैरा-मिलिट्री फोर्स व हरियाणा पुलिस के जवानों द्वारा पहले ही अभेद किले में बदला जा चुका है। रोहतक के डीसी अतुल कुमार उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश भी जारी कर चुके हैं।
यह है सजा का प्रावधान:
376 : रेप की इस धारा में डेरामुखी को दोषी ठहराया जा चुका है। 376 में कम से कम 7 साल और अधिकतम आजीवन कैद और जुर्माने का प्रावधान है।
506 : जान से मारने की धमकी की धारा साबित हो चुकी है। दो साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। दोनों भी किए जा सकते हैं।
509 : एक साल की सजा व जुर्माने का प्रावधान है। दोनों एक साथ भी किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *