हरियाणा में हुई भारी हिंसा की शुरुआत राम रहीम की सुरक्षा में तैनात सरकारी कमांडो ने की थी। इस मामले 6 पुलिसकर्मियों सहित राम रहीम के 2 प्राइवेट गार्ड के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया है। इसकी जानकारी पंचकूला के पुलिस कमिश्नर एएस चावला ने दी है। इन लोगों पर पंचकूला के सेक्टर-8 थाने में केस दर्ज किया गया है। आपको बता दें कि इन्हीं 8 लोगों ने सबसे पहले हिंसा की शुरुआत की थी। इन लोगों ने सीबीआई कोर्ट द्वारा रेप के आरोप में दोषी ठहराए जाने के बाद राम रहीम को जेल ले जाने से मना कर दिया था।
वहीं पंचकूला के हटाए गए डीसीपी अशोक कुमार ने भारी हिंसा के बावजूद धारा-144 नहीं लगाई थी। उन्होंने पंजाब और हरियाणा में धारा-144 लगाने को लेकर झूठ बोला था। हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह राम निवास ने भी माना है कि पंचकूला में धारा-144 नहीं लगी थी। अब अंबाला के कमिश्नर विवेक जोशी को पंचकूला का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
राम रहीम की सुरक्षा में तैनात 6 पुलिसकर्मियों पर देशद्रोह का केस दर्ज
