नई दिल्ली: बीसीसीआई ने भारत के नए कोच रवि शास्त्री को सालाना 8 करोड़ रुपये वेतन देने का निर्णय लिया है. माना जाता है कि बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारी ने एकमत होकर शास्त्री को इतना वेतन देने का फैसला किया जो कि पूर्व कोच अनिल कुंबले से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा है. कुंबले को 6.5 करोड़ रुपये का वेतन मिलता था. गौरतलब है कि अनिल कुंबले ने कोच को 7-7.5 करोड़ की सैलरी दिए जाने का प्रस्ताव बीसीसीआई के सामने रखा था. इस तरह से बीसीसीआई ने कुंबले की मांग से थोड़ा अधिक वेतन ऑफर किया है.
इससे पहले शास्त्री जब टीम इंडिया के डायरेक्टर थे, तब भी उन्हें 7 से 7.5 करोड़ रुपये का ही भुगतान किया जाता था. इसमें शास्त्री की वह मुआवजा रकम भी शामिल थी, जो उन्हें उनके मीडिया कमिटमेंट्स से हटने के बदले मिलती थी. अन्य तीन कोच – भरत अरुण, आर. श्रीधर और संजय बांगड़ को 2-3 करोड़ रुपये का सालाना वेतन मिलने की संभावना है. इसमें संजय बांगड़ को किंग्स इलेवन पंजाब से कोच का पद छोड़ने और भरत अरुण टीम को आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर छोड़ने के कारण बढ़ोतरी की गई है.
