प्रद्युम्न हत्याकांड की जांच करने के लिए गठित एसआईटी ने आज रेयान स्कूल के सभी टीचिंग स्टाफ को पहली बार पूछताछ के लिए बुलाया है। इनसे पूछताछ के बाद क्रॉस वेरिफिकेशन भी किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर मुंबई में गिरफ्तारी से बचने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट की शरण में गए पिंटो परिवार(रायन ग्रुप के मालिक) की याचिका पर आज सुनवाई होनी है।
मुंबई पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम कांदिवली के समतानगर पुलिस स्टेशन पहुंची है और रायान ग्रुप के हेडक्वार्टर में जाकर भी इस संबंध में जांच कर रही है।
बता दें कि प्रद्युम्न के पिता वरुण ठाकुर ने बॉम्बे हाई कोर्ट में पिंटो फैमली की अग्रिम जमानत याचिका का विरोध किया है। पिंटो परिवार ने अदालत में गुहार लगाई है कि जब तक हरियाणा की संबंधित अदालत में वो अपना पक्ष न रख लें तब तक उन्हें गिरफ्तारी से छूट दी जाए।
उधर, बुधवार को इस मामले की जांच कर रही SIT स्कूल के माली हरपाल को लेकर मौका-ए-वारदात पर पहुंची। वहां पर क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट की एक टीम ने विशेषज्ञों की मदद से वॉशरूम से सबूत इकट्ठा किए।
