गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल को लेकर आज देर शाम एक बड़ी खबर आई. जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के रायन इंटरनेशल स्कूल को सरकार अपने कब्जे में ले सकती है. शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के के खंडेलवाल ने कहा, ”रायन इंटरनेशल स्कूल को सरकार कब्जे में ले सकती है. शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को पहले ही नोटिस जारी कर दिया है. स्कूलों के लिए नई गाइडलाइंस को लेकर कल एक मीटिंग बुलाई गयी है. इस मीटिंग के बाद शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा स्कूलों के लिए नई गाइड लाइन जारी करेंगे.”
गुरुग्राम का रायन इंटरनेशनल स्कूल शुक्रवार और शनिवार को भी बंद रहेगा. बताया जा रहा है कि ये स्कील अब सोमवार से खुलेगा. रायन स्कूल में आज टीचर्स से आठ घंटे तक पूछताछ चली. आज सुबह 11 बजे से पूछताछ चल रही थी. कल भी एसआईटी रायन स्कूल पहुंची थी और कल भी 15-20 टीचर्स को बुलाकर पूछताछ की गयी थी.
बॉम्बे हाई कोर्ट ने रायन स्कूल के मालिकों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है. लेकिन कोर्ट ने स्कूल के मालिकों को कल शाम पांच बजे तक गिरफ्तारी से राहत दी है. रायन मालिकों को यह राहत इस शर्त के साथ दी गयी है कि उन्हें आज रात नौ बजे तक अपने पासपोर्ट पुलिस के पास जमा कराने होंगे. अगर वो ऐसा नहीं करते तो कल शाम तक की रियायत खत्म हो जाएगी.
