रेयान ग्रुप के सीईओ रयान पिंटो और उनके परिवार की गिरफ्तारी पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने कल तक रोक लगा दी है.
बॉम्बे हाईकोर्ट ने रयान पिंटो और उनके परिवार को एक दिन की राहत दी है.
इसके साथ कोर्ट ने जमानत की अर्जी पर सुनवाई कल तक के लिए टाल दी है.
आपको बता दें कि पिंटो परिवार ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी.
वहीं रेयान इंटरनेशनल स्कूल के सीईओ से पूछताछ के लिए हरियाणा पुलिस मुंबई पहुंच चुकी है.
इससे पहले
सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा में गुरुग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा दो के छात्र प्रद्युम्न ठाकुर की मौत मामले की अदालत की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराये जाने संबंधी याचिका पर आज केंद्र सरकार एवं हरियाणा सरकार ने जवाब तलब किया.
मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने प्रद्युम्न के पिता वरुण ठाकुर की याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, सीबीआई, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, हरियाणा सरकार एवं राज्य के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी करके जवाब दाखिल करने को कहा. न्यायालय ने इन सभी को जवाब के लिए तीन सप्ताह का वक्त दिया है.
मृतक के पिता ने अपने बेटे की मौत की जांच अदालत की निगरानी में सीबीआई से कराये जाने तथा स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए दिशानिर्देश जारी करने का अनुरोध न्यायालय से किया है. याचिकाकर्ता का कहना है कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच से वह संतुष्ट नहीं है. एसआईटी की जांच रिपोर्ट प्रशासन की गड़बड़ी की ओर इशारा करती है.
याचिकाकर्ता ने आज सुबह मामले का विशेष उल्लेख किया था, जिसके बाद शीर्ष अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 12 बजकर 45 मिनट का समय मुकर्रर किया था.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि वह गुरग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में हुई सात वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में उसके पिता की अर्जी पर सुनवायी करेगा. बच्चे के पिता वरूण ठाकुर इस मामले की जांच सीबीआई या विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराए जाने की मांग कर रहे हैं.
न्यायालय ने एक पृथक जनहित याचिका पर भी सुनवायी की सहमति जताई है जिसमें देशभर के स्कूलों में सुरक्षा की कमी का मुद्दा उठाया गया है.
गुरग्राम स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल के शौचालय में आठ सितंबर को बच्चे का गला रेता हुआ शव मिला था.
स्कूल के कंडक्टरों में से एक अशोक कुमार को इस सिलसिले में उसी दिन गिरफ्तार किया गया था. कुमार ने कथित रूप से बच्चे का यौन उत्पीड़न करना चाहा और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी.
