राजस्थान के भरतपुर में ट्रैफिक पुलिस में तैनात महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक नई पहल की है. महिला पुलिस अधिकारी ने अपनी शादी के कार्डों पर यातायात नियमों को प्रकाशित कराया है ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके.
भरतपुर ट्रैफिक पुलिस में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर मंजू फौजदार ने बताया कि आगामी 19 अप्रैल को उनकी शादी है. इसके लिए अपने रिश्तेदारों और परिचितों को शादी का कार्ड देने के लिए जो कार्ड छपवाए हैं उनमें यातायात नियमों को अंकित कराया है. इसका मकसद है कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए. साथ ही ड्यूटी के दौरान वह देखती हैं कि ज्यादातर युवा ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं और बगैर हेलमेट लगाए वाहन चलाते हैं जिसके चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में मौतें हो रही हैं. इसलिए वह ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वाह तो करती हैं, साथ ही अपनी शादी के मौके पर भी कार्डों द्वारा लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक कर रही हैं.
