ट्रंप! तुमने गलती कर दी: आयतुल्लाह ख़ामेनेई

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से अमरीका को अलग करने की घोषणा के बाद ख़ामेनेई ने कहा, ”ट्रंप, तुमने गलती कर दी.”

ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई ने ट्रंप की घोषणा को बहुत ही गिरा हुआ बताया जिसका कोई महत्व नहीं है.

ईरान की संसद में परमाणु समझौते की एक कॉपी भी जलाई गई, सांसदों ने अपने हाथों में बैनर पकड़े हुए थे और वे ‘अमरीका मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे.

इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने ये भरोसा दिलाया कि उनका देश बहुराष्ट्रीय परमाणु समझौते पर ‘डटा’ रहेगा.

ईरानी राष्ट्रपति ने शिकायत भरे लहजे में कहा कि अमरीका अंतरराष्ट्रीय समझौते की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम नहीं रहता है.

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा, ”अमरीका ने बता दिया है कि वो अपने कहे का सम्मान नहीं करता. मैंने ईरान के आणविक ऊर्जा संगठन को आदेश दिया है कि यूरेनियम के औद्योगिक स्तर पर संवर्धन का काम शुरू करने की तैयारी करे.”

उन्होंने कहा कि वो अपने सहयोगियों और परमाणु समझौते में शामिल अन्य देशों के साथ बातचीत के लिए ”कुछ हफ़्ते ही” इंतज़ार करेंगे.

उधर अमरीका ने कहा है कि ईरान पर दोबारा आर्थिक प्रतिबंध तुरंत नहीं लगाए जाएंगे, बल्कि इसके लिए 90 और 180 दिन का इंतज़ार किया जाएगा.

अमरीका ने कहा है कि उन्हीं उद्योगों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे जिनकी चर्चा 2015 के डील में की गई थी.

इनमें ईरान का तेल सेक्टर, विमान निर्यात, क़ीमती धातु का व्यापार और ईरानी सरकार के अमरीकी डॉलर ख़रीदने की कोशिशें शामिल हैं.

डोनल्ड ट्रंप ने पहले शिकायत की थी कि समझौता ईरान की परमाणु गतिविधियों पर एक नियत समय के लिए रोक लगाता है और ये मिसाइलों के विकास को रोकने में नाकाम रहा है. साथ ही इससे ईरान को 100 अरब डॉलर मिल गए जिसका इस्तेमाल उसने हथियार हासिल करने, चरमपंथ को बढ़ावा देने और पूरे मध्य पूर्व में दमन के लिए लिए किया.

ईरान के साथ परमाणु समझौते में शामिल रहे फ़्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन ने अमरीका के इस फ़ैसले पर खेद प्रकट किया है.

फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि फ़्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते को छोड़ने के अमरीका के फ़ैसले पर अफ़सोस ज़ाहिर करते हैं.

यूरोपीय संघ के विदेश मामलों के प्रमुख फ़ेडेरिका मोघेरिनी ने कहा कि संघ परमाणु समझौते को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *