उन्नाव सामूहिक बलात्कार मामले में आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को शुक्रवार (13 अप्रैल) की तड़के सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया. सेंगर की गिरफ्तारी सुबह 4:30 बजे उनके लखनऊ स्थित पैृतक आवास से की गई. सीबीआई ने इस मामले में रेप, हत्या और अपहरण के तीन अलग-अलग केस दर्ज किए हैं. फिलहाल सीबीआई सेंगर से पूछताछ कर रही है. सीबीआई पीड़िता और उसके परिवार का बयान लेने के लिए उन्नाव भी जा सकती है.
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से पहले बीती रात उत्तर प्रदेश पुलिस और सीबीआई अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें केस को लेकर चर्चा की गई. गिरफ्तारी से ठीक पहले सीबीआई के पुलिस अधीक्षक और उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मुलाकात हुई.
इससे पहले केंद्र ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक भाजपा विधायक द्वारा 17 वर्षीय लड़की से कथित बलात्कार के मामले की सीबीआई जांच को गुरुवार (12 अप्रैल) को मंजूरी दे दी. एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की सीबीआई जांच की सिफारिश पर कार्मिक मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है. पीड़िता ने पिछले रविवार (8 अप्रैल) को भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश की थी. इसके बाद यह मामला प्रकाश में आया था.
