सीरिया में जारी संकट पर अमेरिका और रूस के बीच तनातनी और बढ़ गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन ने सीरिया में हमले किये हैं और यह जारी है. वहीं रूस ने तीनों देशों की कार्रवाई पर चेतावनी देते हुए कहा कि इसका नतीजा युद्ध हो सकता है.
सीरिया के मसले पर देश को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, ”कुछ समय पहले हमने अमेरिका के सैन्य बलों को आदेश दिया है कि सीरिया के तानाशाह बशर अल असद की रासायनिक क्षमता को निशाना बनाते हुए हमले करें.”
उन्होंने कहा, ”फ्रांस और ब्रिटेन के साथ संयुक्त ऑपरेशन सीरिया में जारी है. हम इसके लिए दोनों को धन्यवाद देते हैं.” ट्रंप ने कहा, ”यह हमला रूस द्वारा सीरिया की असद सरकार को रासायनिक हथियार के इस्तेमाल करने से रोकने में विफल रहने का ‘सीधा परिणाम’ है।”
आपको बता दें कि पूर्वी गोता के डुमा में हाल में कथित रूप से सीरिया द्वारा रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर तनाव बढ़ गया है. इस हमले में बच्चों सहित 74 लोग मारे गए थे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले के लिए सीरियाई सरकार को दोषी ठहराते हुए सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी. अमेरिका रूस को भी हमले के लिए दोषी मानता है. हालांकि सीरिया और रूस की बशर अल असद सरकार ने ऐसे किसी हमले के आरोप को खारिज किया था.
