सोमवार को पहुंचेंगे इराक में मरने वाले 39 भारतीयों के अवशेष

इराक में मारे गए 39 भारतीयों के शवों के अवशेष सोमवार को पहुंचेंगे। इसमें पंजाब के 27, बिहार के छह, हिमाचल के चार और बंगाल के दो लोग शामिल हैं। केंद्र सरकार ने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यालय को इसकी सूचना दे दी है। विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह रविवार को इराक पहुंच गए। पंजाब की तरफ से स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। साथ ही सभी जिलों के प्रोटोकॉल अफसरों को भी सूचित कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को भी एयरपोर्ट पहुंचने व अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए कहा गया है। उनके साथ जिले से विशेष अधिकारी मौजूद रहेंगे। संभावना है कि अवशेषों को लेकर जहाज एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर तक पहुंचेगा।

मारे गए पंजाबियों के पार्थिव शवों के अवशेष एयरपोर्ट से उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। अमृतसर के डीसी कमलदीप सिंह संघा ने कहा कि जो लोग शव लेने नहीं पहुंच पाएंगे, उनके शव गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। शव सौंपे जाने के समय यह ध्यान रखा जाएगा कि परिजनों को किसी तरह की मुश्किल न आए। पंजाब से मरनेवालों मे अमृतसर के आठ, जालंधर के छह, होशियारपुर के तीन, नवांशहर के दो, कपूरथला के दो, गुरदासपुर के चार, संगरूर और लुधियाना के एक-एक लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *