मौसम विभाग मुंबई के मुताबिक, अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. मुंबई के बगल में रायगढ़ जिले में अति वृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की कि भारी बारिश के मद्देनजर मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) में स्कूलों और कॉलेजों को कल बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के कई इलाकों में पानी लग गया है. इसमें कई गाड़ियां फंसी हुई हैं. वहीं, दोपहर में 12.03 बजे हाईटाइड की आशंका जताई गई है. बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी एअरपोर्ट बंद है. वहां के दोनों रन-वे नॉन ऑपरेशनल हैं.
बता दें कि मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में मंगलवार की दोपहर को भारी बारिश हुई और आंधी चली जिससे यातायात और ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई. बारिश के कारण दृश्यता घटकर 550 मीटर से कम हो गई. मुंबई हवाई अड्डे पर करीब आधे घंटे के लिए सेवाएं रोक दी गईं और इस दौरान कुछ विमानों को नजदीकी हवाई अड्डो की तरफ भेजा गया.
हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि करीब 20 विमान प्रभावित हुए जिनमें सात को हैदराबाद, वडोदरा और अहमदाबाद हवाई अड्डे की तरफ भेजा गया. मुंबई में 29 अगस्त को 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गयी थी. इससे परिवहन सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई और आम जनजीवन ठहर सा गया था.
