गिरफ्तार हो सकते हैं मोहम्मद शमी, पुलिस ने लगाईं गैरजमानती धाराएं

पत्नी हसीन जहां पर शारीरिक व मानसिक अत्याचार के आरोपों में घिरे भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी की गिरफ्तारी लगभग तय है। हसीन जहां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शमी के खिलाफ गैरजमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस बीच पता चला है कि हसीन जहां की ओर से पुलिस को जो शिकायती पत्र सौंपा गया है, उसमें उन्होंने शमी के बड़े भाई यानी अपने जेठ पर उनके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि हसीन जहां की शिकायत के आधार पर शमी व उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ जादवपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए (दहेज से संबंधित घरेलू हिंसा), 323 (मारपीट), 307 (हत्या की कोशिश), 376 (दुष्कर्म), 506 (जान से मारने की धमकी), 328 (जहर देना) और 34 (आपराधिक साजिश के तहत सामूहिक अत्याचार) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। शमी के अलावा उनके परिवार के चार अन्य लोग कौन हैं, इस बारे में पुलिस की ओर से अभी साफ नहीं किया गया है। कानूनी जानकारों के मुताबिक इनमें से धारा 307, 328 और 376 गैरजमानती हैं। ऐसे में शमी व उनके परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी लगभग तय है, बशर्ते उन्हें हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत न मिले। गौरतलब है कि गुरुवार शाम हसीन जहां अपने अधिवक्ता जाकिर हुसैन के साथ लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय गई थीं। वहां संयुक्त पुलिस आयुक्त से मिलकर उन्होंने शमी के खिलाफ उपरोक्त धाराओं के तहत शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *