आगरा-लखनऊ यमुना एक्सप्रेस-वे पर टेक आॅफ-लैंड करेंगे IAF के 20 विमान

उत्तर प्रदेश के आगरा एक्सप्रेस-वे पर 24 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के विमान लैंडिंग और टेक आॅफ का अभ्यास करेंगे। वायुसेना ने यह अभ्यास पिछले साल भी किया था। लेकिन इस बार परिवहन विमान (एएन 32) भी इस एक्सप्रेस-वे पर उतरेंगे और उड़ान भरेंगे। इस बार वायुसेना के कुल 20 विमान एक्सप्रेस-वे पर लैंडिंग और टेक आॅफ का अभ्यास करेंगे। इस अभ्यास के मद्देनजर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के कुछ हिस्सों में 20 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक यातायात बंद रहेगा।
युद्ध जैसी आपात स्थिति में सड़कों पर ही विमान उतारने और उड़ान भरने के लिए पायलटों को तैयार करने के लिए यह अभ्यास किया जा रहा है। 24 अक्तूबर को परिवहन विमान के अलावा लड़ाकू जेट भी उतरेंगे और उड़ान भरेंगे। रक्षा मंत्रालय (सेंट्रल कमांड) की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी मलिक सिन्हा ने कहा कि भारतीय वायुसेना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव जिले के निकट उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास करेगी।
इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के 20 विमान हिस्सा लेंगे, जिसमें लड़ाकू और परिवहन विमान शामिल होंगे। इनमें मिराज 2000, जगुआर, सुखोई 30 और एएन-32 परिवहन विमान शामिल होंगे। उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *