दीपावली मनाकर लौट रहे हजारों लोगों को ट्रेनों में सीट मिलना तो दूर सवार होने भर के लिए पसीना बहाना पड़ा, वहीं उत्तर रेलवे ने आम यात्रियों की फिक्र छोड़ सिर्फ दो रेल अफसरों के लिए पद्मावत एक्सप्रेस में अलग से फर्स्ट एसी कोच लगवा दिया। इतना ही नहीं, इसके लिए ट्रेन करीब 50 मिनट लेट की गई और प्लैटफॉर्म तक बदल दिया गया, जिससे आम यात्रियों को काफी परेशान हुई।
शनिवार को ट्रेनों में एक-एक सीट की मारामारी थी। इसी भीड़ में दो रेल अफसरों और उनके परिजनों को वीआईपी कोटे में भी जगह नहीं मिली। शाम करीब 5.40 बजे पद्मावत एक्सप्रेस का चार्ट रिलीज हुआ। उसमें भी जगह नहीं मिलने पर अफसरों ने रेलवे बोर्ड से यात्रियों की भीड़ के नाम पर एक्स्ट्रा कोच लगवाने का जुगाड़ लगाया। रात करीब 20.40 बजे रेलवे बोर्ड के एक सीनियर अफसर ने पद्मावत में फर्स्ट कम सेकंड एसी का कम्पोजिट कोच लगाने का आदेश दिया। इसके बाद मकैनिकल डिपार्टमेंट, इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट, कमर्शल डिपार्टमेंट और ऑपरेटिंग डिपार्टमेंट के कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। सिक लाइन से एक्स्ट्रा कोच को फिट कराकर ट्रेन में लगाने का इंतजाम किया गया। तीस सीटों के कोच में सिर्फ सात लोग सवार हो कर गए।
