दिल्ली मेट्रो में दूसरे चरण की किराया वृद्धि के मामले पर पिछले कई दिनों से चली राजनीतिक जंग व अंतिम समय तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद आखिरकार मेट्रो बोर्ड ने देर रात तक चली बैठक में किराया वृद्धि वापस लेने से इन्कार कर दिया। इससे मेट्रो के किराये के मसले पर राजनीति चमकाने की कोशिशों में जुटी दिल्ली सरकार को झटका लगा है। दिल्ली मेट्रो बोर्ड ने दूसरे चरण की किराया वृद्धि लागू करने का फैसला किया। अब मंगलवार से दिल्ली मेट्रो का किराया 20 से 50 फीसद तक फिर महंगा हो जाएगा। पांच महीने के भीतर यह दूसरा मौका है जब मेट्रो का किराया बढ़ाया गया है।
इसके तहत 15 रुपये के स्लैब को समाप्त कर दिया गया है। इस वजह से अब 2-5 किलोमीटर तक के सफर के लिए यात्रियों को 20 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। इसके बाद किराये के हर स्लैब पर 10 रुपया अतिरिक्त किराया बढ़ा दिया गया है। इससे यात्रियों की जेब पर आर्थिक मार पड़ेगी।
