इंग्लैंड में पहली बार सौंदर्य प्रतियोगिता में हिजाब के साथ मुस्लिम लड़की हुई शामिल, जीत से एक क़दम दूर

ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार एक हिजाब वाली लड़की ने सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेकर इतिहास रच डाला।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटेन के बर्मिंघम सिटी की 20 वर्षीय मनोविज्ञान की पढ़ाई करने वाली छात्रा मारिया महमूद ने हिजाब के साथ सौंदर्य प्रतियोगिता में शामिल होकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि कुछ मुस्लिम देशों जैसे मिस्र, मलेशिया, बांग्लादेश, ट्यूनीशिया और इन्डोनेशिया इत्यादी में भी सौंदर्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहता है लेकिन वहां भी ऐसी प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धी लड़कियों की भागीदारी काफ़ी कम ही रहती है।

ऐसे में एक पश्चिमी देश ब्रिटेन में एक कार चालक मुस्लिम पिता की बेटी मारिया महमूद मिस इंग्लैंड चुने जाने के बाद अब मिस वर्ल्ड की प्रतियोगिता में भाग लेना चाहती हैं। सामाजिक कार्यों में दिलचस्पी रखने वाली मारिया महमूद के मुताबिक़ वह हिजाब के साथ सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेकर मुसलमानों के बारे में लोगों के ग़लत विचारों को बदलना चाहती हैं।

ब्रिटिश समाचार पत्र ‘द मिरर’ से बात करते हुए 20 वर्षीय मारिया का कहना था कि मुसलमानों को अधिकतर आतंकवाद जैसी नकारात्मक चीज़ों से जोड़कर देखा जाता है इसलिए वह हिजाब के साथ ऐसे मुक़ाबले में भाग लेकर लोगों की ग़लत सोच को बदलने का प्रयास कर रही हैं।

मारिया महमूद ने कहा कि एक मुस्लिम के रूप में हिजाब के साथ ऐसी प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए एक बहुत ही अच्छा अनुभव है। उन्होंने कहा कि हम सभी मुसलमान लड़कियों को यह संदेश भी देना चाहते हैं कि हमें हिजाब पहनने के बावजूद कोई आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *