जाकिर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगी NIA

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक की तत्काल गिरफ्तारी का आवेदन देगी। माना जा रहा है कि नाइक फिलहाल मलयेशिया में मौजूद है। NIA मंगलवार को इंटरपोल से नाइक के खिलाफ ताजा रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का भी अनुरोध करेगी।
तत्काल गिरफ्तारी का अनुरोध मिलने के बाद मलयेशिया को भारत के साथ हुए प्रर्त्यपण संधि के मुताबिक, नाइक का ठिकाना बताना होगा। इसके साथ प्रर्त्यपण की पुरानी अपील के आधार पर गिरफ्तार भी करना होगा। बता दें कि इसी महीने इंटरपोल ने एनआईए के रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के आवेदन को ठुकरा दिया था। इसने कहा था कि आवेदन के वक्त चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी। हालांकि, एनआईए ने अक्टूबर में चार्जशीट दाखिल की थी। एनआईए अब चार्जशीट के साथ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का नया आवेदन देगी।

नाइक पर गैरकानूनी गतिविधि (प्रतिबंध) अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। टेलिविजन उपदेशक के बारे में आखिरी लोकेशन मलयेशिया पाई गई है जहां उसे स्थायी रेजिडेंसी मिली हुई है। एनआईए सूत्रों के मुताबिक, मलयेशिया को जाकिर की गिरफ्तारी के लिए भारत की तरफ से तत्काल गिरफ्तारी का अनुरोध मिलना जरूरी होगा।

एकबार गिरफ्तारी हो जाने के बाद उसके प्रर्त्यपण का आवेदन 60 दिन के भीतर किया जाना जरूरी होगा। एजेंसी उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग इसलिए कर रही है क्योंकि उसके बारे में यह पता चला है कि वह मलयेशिया से बाहर आता जाता रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *