अब बाबा राम रहीम काटेंगे जेल में 20 साल, 30 लाख का जुर्माना भी देना होगा

सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने दो साध्वियों से रेप मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 10-10 साल यानी कुल 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही दोनों मामलों में 15-15 लाख रुपये यानी 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जिसमें से 14-14 लाख रुपये दोनों रेप पीड़ित साध्वियों को दिया जाएगा.

सोमवार को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने दोनों रेप मामलों में सजा का ऐलान किया. सजा पर बहस पूरी होने के बाद राम रहीम जज के सामने रहम की भीख मांगने लगा. इन केस की सुनवाई के लिए रोहतक जेल के अंदर कोर्ट रूम बनाया गया था. साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. इलाके में किसी भी संदिग्ध को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए थे.

इससे पहले पंचकूला से जज जगदीप सिंह हेलीकॉप्टर से रोहतक पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों को बहस के लिए 10-10 मिनट का समय दिया. अभियोजन पक्ष ने राम रहीम के लिए उम्रकैद की मांग की थी, जबकि बचाव पक्ष ने कहा कि राम रहीम समाज सेवी हैं. उन्होंने लोगों की भलाई के लिए काम किए है. इसका संज्ञान लेते हुए सजा में नरमी बरती जानी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *