हमें यूपी में औरंगजेब का शासन नहीं चाहिए, योगी का बयान

गोरखपुर में लोकसभा के उपचुनाव के प्रचार के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी की जनता औरंगज़ेब का राज नहीं चाहती है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी आयात किये हैं और जनता ने तय कर लिया है कि उसे औरंगज़ेब का शासन नहीं चाहिये. योगी ने कहा कि बीजेपी को प्रत्याशी आयात नहीं करना पड़ा है. समाजवादी पार्टी को गोरखपुर में भी और फूलपुर में भी प्रत्याशी आयात करने पड़े. और तब भी जब नहीं बनी तो उन्होंने जबरन साइकिल पर हाथी चढ़ाने का प्रयास किया. तो वो जब साइकिल पर हाथी चढ़ाएंगे तो हाथी साइकिल का बोझ ले पाएगा यह आपको तय करना है.

सीएम योगी ने कहा, ‘मैं आज आप सबसे अपील करने के लिए आया हूं कि साइकिल तो पहले ही समाप्त हो चुकी है. प्रदेश की जनता पहले ही तय कर चुकी है कि प्रदेश के अंदर हमें सुशासन चाहिए. प्रदेश के अंदर हमें विकास चाहिए. प्रदेश के अंदर हमें औरंगजेब का शासन नहीं चाहिए.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन आज चार जनसभाएं की. मूर्तियों को तोड़े जाने के मुद्दे पर योगी ने कहा कि किसी की भावनाओं को आहत करने का अधिकार किसी भी व्यक्ति को नहीं है. राज्य में किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी . कैम्पियरगंज के रामचौरा में अपनी पहली सभा में मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ सपा-बसपा का गठबंधन स्वार्थ के लिए किया गया है और दोनों ही दलों ने गरीब जनता को लूटा है. हमारी सरकार ने दस महीने में विकास के कई कार्य किये, जो सपा-बसपा की सरकारें 15 साल में नहीं कर सकीं.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *