जाकिर नाइक को भारत लाने की तैयारी, मलेशिया को करना है अंतिम फैसला

भारत सरकार का कहना है कि विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण के लिए मलेशिया के प्रशासन से औपचारिक अपील की जा चुकी है। मलेशिया का प्रशासन इस पर सक्रियता से विचार कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि भारत से भागकर मलेशिया में रह रहे वांछित जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण के लिए भारत की ओर से औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। यह अपील मलेशिया से हुई प्रत्यर्पण संधि के आधार पर की गई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि इस समय यही कहा जा सकता है कि भारत की प्रत्यर्पण की अपील पर मलेशिया गंभीरता और सक्रियता से विचार कर रहा है। क्वालालंपुर में स्थित भारतीय उच्चायोग नियमित रूप से मलेशिया के संबंधित प्रशासन के संपर्क में है।

उन्होंने बताया कि जाकिर नाइक पर भड़काऊ भाषण देने और अपने इस्लामिक रीसर्च फाउंडेशन (आइआरएफ) के जरिए मनी लांड्रिंग समेत कई आरोप हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने वर्ष 2016 में विभिन्न धार्मिक संगठनों के बीच वैमनस्यता बढ़ाने को लेकर आतंकवाद रोधी कानून के तहत एक एफआइआर दर्ज की गई थी।

उल्लेखनीय है कि जाकिर नाइक पर आतंकियों से संबंध रखने और मुसलमान नौजवानों को भड़काऊ भाषण देकर आतंकी बनने के लिए उकसाने का भी आरोप है। बताया जाता है कि बांग्लादेश में एक रेस्ट्रोरेंट में भीषण आतंकी हमला करने वाले सभी आत्मघाती आतंकी जाकिर नाइक के भाषण सुनकर ही आतंकी बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *